हरदोई में हर घर स्वदेशी अभियान पर हुई पत्रकार वार्ता, आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य पर जोर, जिलाध्यक्ष बोले- देश में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था यूपी की

हरदोई। भाजपा कार्यालय पर आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत ?हर घर स्वदेशी? विषय पर हुई पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का उद्देश्य देश की आर्थिक प्रगति को सशक्त बनाना और भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। इससे आयात पर निर्भरता घटेगी और देश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में भारत की अर्थव्यवस्था 6.4% की वृद्धि दर के साथ 3.7 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है, जबकि 2025-26 में इसके 6.7% तक बढ़ने का अनुमान है। यूपी की अर्थव्यवस्था देश में दूसरी सबसे बड़ी है, जो कृषि, विनिर्माण, और सेवा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी उद्योग कुटीर, हैंडलूम और मेड-इन-इंडिया उत्पाद भारत की आत्मनिर्भरता की रीढ़ हैं। 2024-25 में भारत का निर्यात 7.1% बढ़कर 346 अरब डॉलर तक पहुंचा, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और कृषि उत्पादों की प्रमुख भूमिका रही। रक्षा क्षेत्र में 1.20 लाख करोड़ रुपये का घरेलू उपकरण क्रय किया गया, जबकि तकनीकी क्षेत्र में कारोबार 2025-26 तक 300 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ई-नाम प्लेटफॉर्म और किसान उत्पादन कंपनियों जैसी योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बना रही हैं। सहकारिता विभाग की योजनाएं भी ग्रामीण रोजगार, कुटीर उद्योग और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही हैं।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विनोद राठौर, संजय सिंह, महामंत्री अनुराग मिश्र, ओम वर्मा, मंत्री अविनाश पांडे, नीतू चंद्रा, मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, सह मीडिया प्रभारी परेश लोहिया और सत्यम शुक्ला उपस्थित रहे।