कायमगंज में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की बैठक संपन्न, तहसील इकाई की नई कार्यकारिणी गठित

कायमगंज। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (आरपीएसएस) की कायमगंज तहसील इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कायमगंज स्थित रोज गार्डन में आयोजित की गई। इस बैठक का आयोजन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के निर्देशन तथा जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।

बैठक के दौरान तहसील कार्यकारिणी के गठन, पत्रकार सुरक्षा, संगठन के विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर अतुल रस्तोगी, मोहम्मद आकिब खां, दीपचंद दीक्षित, राम तिवारी सहित कई पत्रकार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से नई तहसील कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यकारिणी में तहसील प्रभारी के रूप में राज भूषण सिंह, तहसील अध्यक्ष के रूप में उपेंद्र नाथ मिश्रा, उपाध्यक्ष के रूप में मजहर अली और अकरम खां, महासचिव के रूप में भूपेंद्र राजपूत और अमन शाक्य कंम्पिल का चयन किया गया। सचिव पद के लिए अमान खान, धर्मेंद्र पाल, रजनीकांत, प्रभीत, अजीम अली और अंशुल गुप्ता को नियुक्त किया गया।

इसके अलावा संगठन महामंत्री का दायित्व आदिल अमान को, संगठन मंत्री का दायित्व भूपेंद्र कंम्पिल को, विधिक सलाहकार का पद आनंद शर्मा को सौंपा गया। आईटी सेल प्रभारी के रूप में ओम शक्ति और आईटी सेल सदस्य के रूप में संदीप कुमार की नियुक्ति की गई। प्रवक्ता का दायित्व दानिश खान को सौंपा गया, जबकि मुनेश श्रीवास्तव और नीरज गुप्ता को सक्रिय सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

कार्यकारिणी के गठन के बाद जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने पत्रकार एकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि संगठन की नींव पत्रकार एकता पर टिकी है और जब सभी पत्रकार एकजुट होंगे, तभी मीडिया और पत्रकारों की गरिमा को बनाए रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में सफलता मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इस स्तंभ की पवित्रता को बनाए रखना हर पत्रकार की जिम्मेदारी है।

अनिल कुमार मिश्रा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने और राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में पत्रकारों को एक सुरक्षित और सशक्त मंच प्रदान करने के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य पत्रकारों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा करना है, जिसके लिए सभी सदस्यों को मिलकर कार्य करना होगा।