हरदोई में युवक की गोली लगने से मौत, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस, घर से 250 मीटर दूर पड़ा मिला शव

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के म्योरा गांव में शनिवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी विनीत के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ खेती-किसानी करता था।
जानकारी के मुताबिक, विनीत शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे घर से जानवर चराने के लिए निकला था और शाम करीब 6 बजे वापस लौटा। इसके बाद रात लगभग 7:30 बजे वह फिर बाहर गया, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव न होने पर उन्होंने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब 250 मीटर दूर भूसे के ढेर पर विनीत का शव पड़ा मिला। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी, जो आर-पार निकल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के परिवार ने किसी भी पुरानी रंजिश या दुश्मनी से इंकार किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं से कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।