Chandauli News:राजकीय आईटीआई में मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन,छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर, योजनाओं की जानकारी और मिला सम्मान

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली।मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत शनिवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रेवसां के सभागार में मिशन शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा छात्राओं को मिशन शक्ति की शपथ दिलाई गई। आत्मरक्षा प्रशिक्षक नंद जी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए और उन्हें व्यवहारिक तौर पर समझाया।संवाद सत्र में छात्राओं ने खुलकर अपने सवाल पूछे, जिनका उत्तर राज्य महिला आयोग की सदस्य और अन्य अधिकारियों ने दिया।

राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य है कि हर महिला को सुरक्षा, सम्मान और अधिकार मिले। बेटियाँ निडर होकर आगे बढ़ें, यही हमारा संकल्प है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी महिला अपने अधिकारों और योजनाओं से वंचित न रह जाए।सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के हित में कई योजनाएँ संचालित हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन, वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएँ आत्मनिर्भर और सुरक्षित बन सकती हैं। हमारा प्रयास है कि हर महिला तक इन योजनाओं की जानकारी पहुँचे।

इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरतमंद महिलाएँ समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।अवसर पर चार छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए, जबकि आईटीआई की 32 छात्राओं को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।कार्यक्रम में पीडीडीयू नगर सीओ कृष्णमुरारी शर्मा, डीपीओ चंदौली, आईटीआई प्राचार्य और वन स्टॉप सेंटर के प्रबंधक सहित अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय, महिला थाना की प्रभारी पूजा कौर समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।