Chandauli News:गांव से लाल किले तक का परचम :ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता का गौरवमयी सफर,चकिया की बेटी को मिला राष्ट्रीय मंच, पीएम मोदी से हुई मुलाकात रक्षा मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस पर किया विशेष सम्मान,

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। विकास खंड के सिकंदरपुर गांव की महिला प्रधान सीमा गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस पर वह मुकाम हासिल किया, जिसने पूरे जिले का मान बढ़ा दिया। पंचायती राज मंत्रालय ने उन्हें 79वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली स्थित लाल किले पर आयोजित ध्वजारोहण समारोह में विशेष आमंत्रित पंचायत प्रतिनिधि के रूप में बुलाया। इस दौरान उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और संवाद करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।

*पीएम मोदी से मुलाकात बनी ऐतिहासिक घड़ी*
लाल किले पर आयोजित भव्य समारोह के दौरान रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने सीमा गुप्ता को विशेष प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस सम्मान को लेकर गांव और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग इसे चंदौली और विशेष रूप से चकिया क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पल मान रहे हैं।

*साधारण परिवार से दिल्ली तक पहचान*
सीमा गुप्ता एक साधारण परिवार से आती हैं। संघर्ष और मेहनत के बल पर उन्होंने राजनीति में कदम रखा और ग्राम प्रधान का पद संभालते ही गांव के विकास को प्राथमिकता दी। उनके कार्यों की बदौलत सिकंदरपुर गांव की तस्वीर बदली। उन्हें पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित किया जा चुका है। अब प्रधानमंत्री से मुलाकात और लाल किले के मंच पर स्थान पाना उनके जीवन को नई ऊँचाइयों तक ले गया है।

*भव्य स्वागत ने बढ़ाया गौरव*
दिल्ली से लौटने के बाद वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ प्रधान सीमा गुप्ता और प्रधान प्रतिनिधि सत्य प्रकाश गुप्ता का भव्य स्वागत किया। इसके बाद पूरे गांव में जुलूस निकाला गया और लोगों ने इस गौरवपूर्ण क्षण का उत्सव की तरह आनंद लिया।

*समाज को मिला संदेश, सिकंदरपुर का नाम रोशन*
सीमा गुप्ता की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि अगर हौसला, ईमानदारी और सेवा की भावना हो तो एक साधारण महिला भी राष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बना सकती है। उनका संघर्ष ग्रामीण महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा है। इस सफलता से न केवल सिकंदरपुर गांव का नाम बल्कि पूरे चंदौली जिले की प्रतिष्ठा राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है।ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता ने कहा कि गांव से लेकर दिल्ली तक का यह गौरवशाली सफर एक मजबूत संदेश देता है कि गांवों की मिट्टी से निकली प्रतिभा भी देश के शीर्ष मंचों तक पहुँच सकती है। ग्राम पंचायतों की सशक्त भागीदारी से ही राष्ट्र का विकास संभव है।समर्पण और निष्ठा से काम करने पर हर गांव देश का नाम रोशन कर सकता है।