SDM विनय कुमार मिश्रा का सख्त एक्शन: हाईकोर्ट के आदेश पर 5.59 हेक्टेयर तालाब की जमीन से हटाया जा रहा अवैध कब्जा

SDM विनय कुमार मिश्रा का सख्त एक्शन: हाईकोर्ट के आदेश पर 5.59 हेक्टेयर तालाब की जमीन से हटाया जा रहा अवैध कब्जा


चकिया/चंदौली। जनपद चंदौली के चकिया तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में मौजा खिलची रजडीहा स्थित लगभग 5.59 हेक्टेयर तालाब की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू कराई गई।


जानकारी के अनुसार यह मामला उस समय सामने आया जब रामबचन सिंह द्वारा याचिका दाखिल कर आरोप लगाया गया कि करीब 58 लोगों ने तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रशासन को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


हाईकोर्ट के आदेश के बाद चकिया प्रशासन हरकत में आया और उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। कार्रवाई के दौरान आरिफ (नायब तहसीलदार) के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई।


जैसे ही प्रशासनिक टीम गांव में पहुंची, पूरे इलाके में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थिति को नियंत्रित रखने और कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।


सुरक्षा व्यवस्था के तहत चंदन राय (थाना प्रभारी इलिया) तथा रघुराज (क्षेत्राधिकारी चकिया) के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।


प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य अवैध कब्जाधारियों में भी खलबली मच गई है।