हरदोई दौरे पर कल 2 जून को आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कार्यक्रमों में शिरकत के बाद अधिकारियों के साथ करेगी बैठक, पुलिस-प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 2 जून 2025 को हरदोई के दौरे पर रहेंगी। राज्यपाल कार्यालय से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 8:45 बजे राजभवन, और 8:50 पर लॉ मार्टिनियर कॉलेज लखनऊ हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगी और सुबह 9:30 बजे हरदोई पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेंगी।

राज्यपाल सबसे पहले सुबह 9:35 से 10:15 बजे तक जिला कारागार का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद वह 10:20 से 11:50 बजे तक शाहजहांपुर रोड स्थित स्टेट्स क्लब में आयोजित आंगनबाड़ी किट वितरण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के कार्यक्रम में भाग लेंगी।

कार्यक्रम के पश्चात वह विवेकानंद सभागार में जनपद के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगी। इसके बाद वह रेड क्रॉस समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगी और जिले में चल रही सेवा गतिविधियों की जानकारी लेंगी।

दोपहर का भोजन वह पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में करेंगी। भोजन उपरांत दोपहर 2 बजे राज्यपाल पलिया, जनपद खीरी के लिए प्रस्थान करेंगी।

राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस दौरे को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल है और स्थानीय प्रशासन सतर्कता से सभी गतिविधियों की निगरानी कर रहा है।