हरदोई में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, सीसीटीवी कैमरा लगाने निकले थे, लोहे की सीढ़ी 11 हजार वोल्ट की लाइन में छूते ही हुआ हादसा

हरदोई। सवायजपुर थाना क्षेत्र के रूपापुर में बुधवार को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए लोहे की सीढ़ी लेकर जा रहे दो मजदूर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक, सवायजपुर क्षेत्र के कंजरपुरवा निवासी करीब 24 वर्षीय सूरज पुत्र शौकिन और मुंडेर निवासी करीब 25 वर्षीय अजय पुत्र रामदयाल रूपापुर स्थित शराब के ठेके पर कैमरा लगवाने के काम के लिए लोहे की बड़ी सीढ़ी लेकर जा रहे थे। बताया गया कि रूपापुर-पाली पेट्रोल पंप के पास ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से लोहे की सीढ़ी संपर्क में आ गई। सीढ़ी में करंट उतरते ही दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़े।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हरदोई भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जहां दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल हैं।
क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि 7 अक्तूबर को घटना की सूचना सवायजपुर पुलिस को मिली थी। दोनों युवक रूपापुर में कैमरा लगाने के लिए लोहे की सीढ़ी लेकर जा रहे थे, तभी सीढ़ी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। दोनों की मौत हो गई है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को मोर्चरी भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।