हरदोई में पन्नी की झोपड़ी में गुजर-बसर कर रही कृष्णा देवी, सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद भी किसी ने नहीं ली सुध, सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने पहुंचकर उठाए सवाल

हरदोई। अहिरोरी ब्लॉक के ग्राम बम्हनिया गोंडाधार में बुजुर्ग बेसहारा कृष्णा देवी पन्नी और तिरपाल की झोपड़ी में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। सरकारी आवास की आस में दफ्तरों के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें अब तक आवास का लाभ नहीं मिल सका है। उनकी बदहाली की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता गांव पहुंचे और परिवार का हाल जाना।
बताया गया कि कृष्णा देवी के पति का निधन हो चुका है। उनका बेटा कर्मकांड कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करता है। परिवार को गर्मी, सर्दी और बरसात के दौरान पन्नी की झोपड़ी में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। आवास की मांग को लेकर कई बार प्रयास किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कृष्णा देवी की स्थिति देखकर सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन आवास की व्यवस्था नहीं कराता है, तो वह अपने निजी खर्च से हर संभव मदद करेंगे और परिवार को सुरक्षित आशियाना दिलाने का प्रयास करेंगे।
रामज्ञान गुप्ता ने ग्रामीणों के बीच यह भी कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छह महीने के भीतर पक्का आवास बनवाने का काम किया जाएगा। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान सच्चिदानंद त्रिपाठी, धर्मेंद्र यादव दीपू, कपिल यादव, शुभम गुप्ता, असलम गाजी, अंकित सिंह परौची, श्याम गुप्ता और सोनू गुप्ता मौजूद रहे।