हरदोई में नहर में गिरी अनियंत्रित कार, दंपती और तीन माह के बच्चे की मौत, एक युवक सुरक्षित

हरदोई। बिलग्राम थाना क्षेत्र के जफरपुर पुलिया के पास शुक्रवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में कार सवार दंपती और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक सुरक्षित बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को नहर से बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि जफरपुर पुलिया के पास कार सवार तीन लोग नहर में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कार संख्या यूपी 32 जेपी 3118 में चार लोग सवार थे। इनमें आदित्य सिंह (28), रमेश (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और तीन माह का बच्चा शामिल था। सभी हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव के निवासी थे।
बताया गया कि सभी गुड़गांव से हरदोई लौट रहे थे। रास्ते में शाहपुर मोड़ के पास जफरपुर पुलिया पर चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन नहर में जा गिरा।
सीओ बिलग्राम रामसूरत सोनकर ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल सभी को बाहर निकलवाया। हादसे में आदित्य सिंह सुरक्षित बच गए, जबकि रमेश, नीलम और उनका तीन माह का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें कन्नौज जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कन्नौज पुलिस पंचायतनामा सहित अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।