रेल पेंशनर्स के लिए 3 और 4 नवंबर को विशेष शिविर, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की मिलेगी सुविधा

रेल पेंशनर्स के लिए 3 और 4 नवंबर को विशेष शिविर, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की मिलेगी सुविधा

अजमेर मंडल के 11 प्रमुख रेलवे स्टेशनों और मंडल रेलवे चिकित्सालय में लगेंगे शिविर, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा पंजीकरण

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने रेल पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए विशेष पहल की है। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान (डीएलसी 5.0) और शिकायत निवारण के लिए 3 और 4 नवंबर 2026 को मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा मंडल रेलवे चिकित्सालय, अजमेर में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य बुजुर्ग और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस पहल से पेंशनर्स को बैंकों और पेंशन कार्यालयों के चक्कर लगाने तथा लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी।

यह अभियान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। शिविरों में पेंशनभोगियों को बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने में सहायता दी जाएगी। साथ ही उनकी शिकायतों के निवारण की व्यवस्था भी रहेगी।

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

शिविर में पहुंचने वाले रेल पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनभोगियों को अपना पीपीओ नंबर, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण या पासबुक और आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल फोन साथ लाना होगा। इन दस्तावेजों के आधार पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इन स्टेशनों पर लगेंगे शिविर

अजमेर मंडल के अजमेर, ब्यावर, विजयनगर, नसीराबाद, मारवाड़ जंक्शन, आबूरोड़, फालना, राणाप्रताप नगर, उदयपुर सिटी, भीलवाड़ा और डूंगरपुर रेलवे स्टेशनों के साथ मंडल रेलवे चिकित्सालय, अजमेर में शिविर आयोजित होंगे।

रेलवे प्रशासन ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और उनके आश्रित पारिवारिक पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे 3 और 4 नवंबर को अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने और शिकायतों का समाधान कराने की सुविधा का लाभ उठाएं।