रेलवन ऐप की नई सुविधा से यात्रियों को राहत, अब एक ही ऐप से 6 लोगों के लिए बन सकेगा सीजन टिकट

जोधपुर। नियमित रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा शुरू की है। अब पंजीकृत उपयोगकर्ता रेलवन ऐप के माध्यम से अपने साथ परिवार के सदस्यों और दोस्तों के लिए भी सीजन टिकट बुक कर सकेंगे। एक उपयोगकर्ता स्वयं सहित अधिकतम 6 यात्रियों के लिए सीजन टिकट बना सकता है।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस सुविधा से नियमित यात्रियों को प्रत्येक व्यक्ति के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर या ऐप पहचान रखने की जरूरत नहीं होगी। इससे सीजन टिकट बनवाने और नवीनीकरण के लिए टिकट काउंटर पर लगने वाली कतारों से भी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि स्वयं के लिए सीजन टिकट बुक करने के लिए यात्री की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि किसी अन्य व्यक्ति के लिए टिकट बुक करने की स्थिति में संबंधित यात्री की न्यूनतम आयु 5 वर्ष निर्धारित की गई है। स्वयं के लिए बुक किए गए टिकट की वैधता सफल भुगतान और भौगोलिक सत्यापन के बाद उसी दिन से शुरू होगी, जबकि अन्य यात्री के लिए बुक किए गए टिकट की वैधता अगले दिन से शुरू होगी।

यात्रा के दौरान सीजन टिकट की मुद्रित प्रति या मोबाइल में डिजिटल प्रति मान्य होगी। टिकट पर यात्री का फोटो और क्यूआर कोड उपलब्ध रहेगा, जिसके जरिए टिकट की जांच की जा सकेगी। केवल बुकिंग रसीद या चालान को वैध यात्रा टिकट नहीं माना जाएगा।

रेलवे ने नियमित यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान टिकट के साथ निर्धारित क्यूआर कोड जरूर रखें। क्यूआर कोड उपलब्ध नहीं होने या टिकट की प्रमाणिकता सत्यापित नहीं होने पर रेलवे के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। नई सुविधा से सीजन टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए प्रक्रिया पहले से अधिक सरल, सुविधाजनक और समय बचाने वाली हो गई है।