प्रमुख सचिव ने संडीला मंडी के धान क्रय केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं पर दिया जोर, धान खरीद में पारदर्शिता बरतने और किसानों को समय से भुगतान करने के निर्देश

हरदोई। खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने शनिवार को हरदोई की संडीला मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की प्रगति, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और खरीद प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने केंद्र पर धान की तौल, गुणवत्ता परीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव और खरीद प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में पूछताछ करते हुए शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पारदर्शी तरीके से धान खरीद सुनिश्चित करने को कहा।
प्रमुख सचिव ने निर्देशित किया कि क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसानों को उनकी उपज का समय से भुगतान सुनिश्चित करने और केंद्र पर आवश्यक सुविधाएं लगातार दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के दौरान अनावश्यक इंतजार या किसी अन्य प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए संबंधित अधिकारी खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राहुल पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी संडीला नारायणी भाटिया, जिला खाद्य विपणन अधिकारी निहारिका सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को धान खरीद व्यवस्था को शासन के निर्देशों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए गए।