नवरात्रि और दशहरा को लेकर हरदोई में पीस कमेटी की बैठक, डीएम ने दिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

हरदोई। आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौजूद रहे। बैठक में धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल, दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के पदाधिकारियों के साथ संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सके। उन्होंने धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
डीएम ने सभी एसडीएम और सीओ को अपने क्षेत्रों में दुर्गा पंडाल, रामलीला स्थल और अन्य आयोजन स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। विद्युत, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, जल निगम और अग्निशमन विभाग से समन्वय कर कमियों को समय से दूर कराने को कहा। पंडालों में विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन यंत्र, अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार, सीसीटीवी, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि बिना अनुमति कोई पंडाल न लगाया जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल और वालंटियर्स तैनात रहें। लाउडस्पीकर का प्रयोग न्यायालय के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय में ही किया जाए। जुलूस और मूर्ति विसर्जन मार्गों का पहले से निरीक्षण कर जर्जर सड़कों और लटकते विद्युत तारों को दुरुस्त कराया जाए। जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और बड़े मेलों में चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने आयोजनों को परंपरागत तरीके से मनाने, निर्धारित स्थलों पर मूर्ति विसर्जन और मानक के अनुरूप मूर्तियों की ऊंचाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर निगरानी और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा।
बैठक में सीडीओ नेहा ब्याडवाल, एडीएम दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।