दिल्ली रोड पर मेज़बान शमा रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, पंजीकरण निलंबित कर संचालन कराया बंद

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार शाम बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल के पास मेज़बान शमा रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया और कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, टीम ने 12 सितंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग ने प्रतिष्ठान का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने की। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रजन सिंह और राजीव कुमार शामिल रहे।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की सख्ती का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।