ट्रांसफार्मरों के आगे बने कूड़ाघर बढ़ा रहे फाल्ट और आग का खतरा

मुरादाबाद। शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में ट्रांसफार्मरों के आसपास जमा कूड़ा बड़ी परेशानी बन रहा है। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के ठीक सामने ही नगर निगम की ओर से कूड़ाघर बना दिए गए हैं। इससे विद्युत तंत्र के आसपास कूड़ा जमा रहने के कारण आग लगने और ट्रांसफार्मर में खराबी आने का खतरा बढ़ गया है।

कूड़े के ढेर के कारण ट्रांसफार्मरों के आसपास गंदगी का अंबार लगा रहता है। गर्मी या विद्युत फाल्ट के दौरान कूड़े में आग लगने से ट्रांसफार्मर और आसपास के विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। ट्रांसफार्मर में खराबी आने पर संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता विकास दीप ने नगर निगम से विद्युत तंत्र और ट्रांसफार्मरों के आसपास जमा कूड़ा तत्काल हटाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मरों के सामने बने कूड़ाघरों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना जरूरी है, ताकि विद्युत उपकरणों की सुरक्षा बनी रहे और फाल्ट की स्थिति में कर्मचारियों को मरम्मत करने में भी परेशानी न हो।

अधिशासी अभियंता ने नगर निगम से ट्रांसफार्मरों के आसपास नियमित सफाई कराने और कूड़ा जमा न होने देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्युत तंत्र की सुरक्षा के साथ-साथ उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए ट्रांसफार्मरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है।