कासगंज रेलवे स्टेशन पर टिकट घर के पास भिड़े दो युवक, जीआरपी ने किया गिरफ्तार

कासगंज। रेलवे स्टेशन पर आपस में झगड़कर हंगामा करना दो युवकों को भारी पड़ गया। सोमवार शाम टिकट घर के पास दोनों युवक गुत्थमगुत्था होकर हंगामा करने लगे। इससे स्टेशन पर मौजूद रेल यात्रियों को असुविधा हुई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने दोनों को पकड़कर शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की।

जीआरपी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:05 बजे रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में टिकट घर के पास दो युवक आपस में झगड़ रहे थे। दोनों के बीच गुत्थमगुत्था होने से वहां हंगामे की स्थिति बन गई। यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान सनी पुत्र जसवंत सिंह निवासी मोहल्ला पीरजादा और सुमित पुत्र राजबहादुर निवासी मोहल्ला कस्साबान, थाना ढोलना, जिला कासगंज के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः 21 और 20 वर्ष है।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126, 135 और 170 के तहत कार्रवाई की। चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद दोनों को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल समनेश कुमार और कांस्टेबल आकाश फौजदार शामिल रहे।