एआरटीओ कार्यालय पर सपा का हल्लाबोल, कथित अवैध वसूली के आरोपों से मचा घमासान

एआरटीओ कार्यालय पर सपा का हल्लाबोल, कथित अवैध वसूली के आरोपों से मचा घमासान

ज्ञापन में दलालों के जरिए लाइसेंस, वाहन पंजीकरण और फिटनेस के नाम पर वसूली के आरोप; 15 दिन में कार्रवाई न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

#हरदोई

.

समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव के नेतृत्व में शनिवार को सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एआरटीओ कार्यालय में कथित अवैध वसूली का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में एआरटीओ अरविंद कुमार सिंह के कार्यालय में दलालों के माध्यम से वाहन संबंधी कामों के नाम पर अतिरिक्त रकम लिए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

सपा नेताओं का आरोप है कि नया ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, नए वाहनों के पंजीकरण और पुराने वाहनों के फिटनेस सहित विभिन्न कार्यों के लिए कथित तौर पर तय रकम वसूली जाती है। आरोप यह भी है कि रकम न देने पर कागजी प्रक्रिया में कथित रूप से अड़चन पैदा की जाती है।

ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से तय किए गए रेट का भी उल्लेख किया है। आरोपों के मुताबिक हेवी लाइसेंस के लिए 18 से 20 हजार रुपये, लाइट परमानेंट लाइसेंस के लिए 7 से 9 हजार रुपये, रिन्यूवल के लिए 3 से 4 हजार रुपये तथा वाहन फिटनेस के लिए 5 से 6 हजार रुपये तक लिए जाने का दावा किया गया है।

अब सवाल सीधा है_अगर सरकारी कार्यालय में काम कराने के लिए सरकारी फीस के ऊपर कथित 'दलाली फीस' भी देनी पड़े, तो फिर व्यवस्था किसके लिए है और दलालों की इतनी हिम्मत किसके संरक्षण में है? आरोपों की निष्पक्ष जांच होने पर ही तस्वीर साफ होगी।

सपा नेताओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि एआरटीओ कार्यालय में दलालों के माध्यम से कथित वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि 15 दिन के भीतर कथित अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी अगला कदम उठाएगी।

ज्ञापन के दौरान व्यापार सभा जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव पंकज यादव, हारुफा अली, आशीष वर्मा, अनुराग यादव, यतेंद्र मोहन, पुष्पेंद्र वर्मा, साजन, विपिन वर्मा, अतुल राज वर्मा, अभिषेक यादव, विद्यासागर, अनूप कुमार, कन्हैयालाल कुशवाहा, सर्वेंद्र यादव, मदन यादव, जितेंद्र सिंह, राम लखन कुशवाहा, गौरव यादव, सचिन यादव, मोहित, कुलदीप, बब्बू यादव, अतर सिंह, राजेश मंजिया, दीपक, सूरज यादव, रजनीश, नितिन, राम सिंह, मनोज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फिलहाल आरोप सामने हैं, अब निगाह जिला प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर है_क्योंकि सवाल सिर्फ लाइसेंस या फिटनेस का नहीं, सरकारी दफ्तर में आम आदमी की जेब और व्यवस्था की विश्वसनीयता का है।

सूचना विभाग हरदोई Uttar Pradesh Highlights MYogiAdityanath