हरदोई में सिस्टम फेल! तीन महीने से पानी में डूबा वैष्णो नगर, ट्रैक्टर पर पहुंचे रामज्ञान गुप्ता

हरदोई में सिस्टम फेल! तीन महीने से पानी में डूबा वैष्णो नगर, ट्रैक्टर पर पहुंचे रामज्ञान गुप्ता

जलभराव से बेहाल जनता का फूटा गुस्सा, जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी के आरोप; बोले मोहल्लेवासी_वोट लेने आते हैं, फिर पांच साल नजर नहीं आते

#हरदोई
.
शहर के वैष्णो नगर मोहल्ले में लंबे समय से कायम जलभराव ने नगर की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार करीब तीन महीने से गलियों में कमर तक पानी भरा है। कीचड़, गंदगी और दुर्गंध के बीच लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इससे पहले भी स्थानीय स्तर पर तीन से चार फीट तक पानी भरे होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

?सड़कें बनीं तालाब, गलियां बनीं धार,कागजों में विकास, जमीन पर बेकार।?

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित है, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में परेशानी होती है तथा आपात स्थिति में एंबुलेंस तक पहुंचाना चुनौती बन जाता है। मोहल्लेवासियों ने मीडिया के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया।

लोगों ने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि उनके बीच दिखाई देते हैं, लेकिन चुनाव के बाद समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।

ट्रैक्टर पर पहुंचे रामज्ञान गुप्ता

इसी बीच समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता एक बार फिर ट्रैक्टर पर सवार होकर जलमग्न वैष्णो नगर पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक गुप्ता पहले भी अपने स्तर से जलनिकासी और सफाई कराने का प्रयास कर चुके हैं।

मौके पर उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर संपर्क कर समस्या की जानकारी देने का प्रयास किया। बताया गया कि फोन जिलाधिकारी के अर्दली ने उठाया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

जनता का गुस्सा_सवाल सिर्फ पानी का नहीं, जवाबदेही का भी

जलभराव से परेशान लोगों ने कहा कि समस्या केवल पानी भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जलनिकासी और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था पर भी सवाल है।

मोहल्लेवासियों में कुछ लोगों ने रामज्ञान गुप्ता द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्या सुनने की सराहना की और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की बात कही। यह स्थानीय निवासियों द्वारा व्यक्त राजनीतिक राय है।

मौके पर धर्मेंद्र यादव दीपू, रामू यादव, रणबीर बहादुर राजवंशी, आशुतोष यादव, विकास, श्याम गुप्ता, सच्चिदानंद त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी, शुभम गुप्ता, सोनू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।