हरदोई में सपा कार्यालय पर मारपीट का आरोप, पूर्व विधायक अनिल वर्मा समेत कई लोगों के खिलाफ शिकायत, जान से मारने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी का आरोप

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित रमाकांत यादव ने पूर्व विधायक अनिल वर्मा समेत कई लोगों पर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, सोने की दो अंगूठियां छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने शहर कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, रमाकांत यादव सपा कार्यालय गया था। वहां सोशल मीडिया पर चर्चा को लेकर कथित रंजिश के चलते उसकी पूर्व विधायक अनिल वर्मा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद अनिल वर्मा, आशीष वर्मा, हारूफ अली, रियासत खान, पीयूष राजवंशी और चार-पांच अज्ञात लोगों ने उसे थप्पड़, लात-घूंसों और डंडों से पीटा। पीड़ित ने जातिसूचक गालियां देने और उसकी सोने की दो अंगूठियां जबरन छीनने का भी आरोप लगाया है।
सुनील कुमार के मुताबिक, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर डंडे से हमला किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। पीड़ित का आरोप है कि होश में आने के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने मुकदमों में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने और गोली मारने की धमकी दी। पूर्व विधायक ने कहा मेरा नाम अनिल वर्मा है, मेरे नाम से नितिन अग्रवाल थर थर कांपते हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसे उसकी औकात को लेकर अपमानित किया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। कुछ लोगों के ललकारने पर आरोपी वहां से चले गए।
रमाकांत यादव ने शहर कोतवाली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।