हरदोई में बंद घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात, नए घर में सभी सुन रहे थे सत्यनारायण की कथा, लाखों रूपये की नकदी और जेवर चोरी की घटना से हड़कंप

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बरुआ बाजार मोहल्ले में बंद मकान से 13.50 लाख रुपये नकदी और लाखों के जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस की कार्रवाई के साथ सीओ शाहाबाद के कथित बयान को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। वरिष्ठ पत्रकार ओमदेव दीक्षित उर्फ पप्पू ने आरोप लगाया कि घटना के संबंध में सीओ संतोष सिंह से फोन पर बात करने के दौरान उन्होंने मुकदमा लिखकर जेल भेजने की बात कही।
दरअसल, पीड़ित अरुण गुप्ता का परिवार नए मकान में सत्यनारायण भगवान की कथा और पूजन में व्यस्त था। इसी दौरान चोरों ने पुराने मकान को निशाना बनाकर करीब 13 लाख 50 हजार रुपये नकद, 80 से 85 ग्राम सोने और लगभग 750 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। शाम को घर लौटने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
इस मामले में वरिष्ठ पत्रकार ओमदेव दीक्षित ने सीओ शाहाबाद संतोष सिंह को फोन कर घटना के संबंध में बाइट देने की बात कही। पत्रकार के मुताबिक, सीओ ने कहा कि बाइट ब्रजेश मिश्रा को पहुंच जाएगी। इस पर पत्रकार ने कहा कि शाहाबाद की खबरों की जिम्मेदारी उनकी है। आरोप है कि इसके जवाब में सीओ ने कहा, "मुकदमा लिखकर जेल भेज देंगे।"
पत्रकार के अनुसार, सीओ की ओर से फोन पर कही गई यह बात आपत्तिजनक है। चोरी जैसी गंभीर घटना की खबर को लेकर जानकारी मांगने पर इस तरह की कथित टिप्पणी से मामला चर्चा में आ गया है। सीओ के इस कथित बयान को लेकर पत्रकारों के बीच नाराजगी है।