हरदोई में दो दिन से लापता चार वर्षीय बालिका का झाड़ियों में मिला शव, हत्या की आशंका से क्षेत्र में हड़कंप, परिवार में मचा कोहराम

हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर गांव से दो दिन पहले लापता हुई चार वर्षीय बालिका का शव रविवार को गांव के बाहर बाग में झाड़ियों के बीच मिला। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। बालिका की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, कमालपुर निवासी ध्यान सिंह पुत्र रामरतन ने 13 नवंबर को थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनकी चार वर्षीय पुत्री घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इस मामले में लोनार थाने में गुमशुदगी से संबंधित धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह और क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण यादव के नेतृत्व में पुलिस की टीमें गठित कर बालिका की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस लगातार उसकी सकुशल बरामदगी के प्रयास कर रही थी।
इसी बीच रविवार 15 नवंबर को गांव के बाहर बाग में बालिका का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधिकारी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमें प्रयासरत हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।