हरदोई में जच्चा बच्चा की मौत के बाद हंगामा, अस्पताल के बाहर मृतका को छोड़कर भागे कर्मचारी, बिलखते रहे परिजन, स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

हरदोई। शहर के सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मृतका को अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुरसा थाना क्षेत्र के गहराई गांव निवासी हिमांशी देवी पत्नी संदीप पासी गर्भवती थी। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन उन्हें उपचार के लिए सिद्धार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बताया गया कि उनकी प्लेटलेट्स करीब 12 हजार थी। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने गंभीर स्थिति के बावजूद कोई परेशानी नहीं होने की बात कहकर उन्हें भर्ती कर लिया और 15 हजार रुपये जमा करा लिए।
मृतका के परिजन आशीष ने आरोप लगाया कि भर्ती करने के बाद समुचित इलाज नहीं किया गया। कुछ देर बाद महिला की नाक से खून बहने लगा और जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने महिला को लखनऊ ले जाने की बात कही, लेकिन बाद में उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में संचालित निजी अस्पतालों के मानकों और उनकी जांच को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय तथा नोडल अधिकारी मनोज कुमार सिंह की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।