सूबेदारगंज में स्काउट्स एवं गाइड्स की डांडिया नाइट, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन

सूबेदारगंज में स्काउट्स एवं गाइड्स की डांडिया नाइट, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन

युवा यूनिट लीडरों ने संभाली आयोजन की पूरी जिम्मेदारी

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की सूबेदारगंज स्टेशन यूनिट की ओर से नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को भारत स्काउट एवं गाइड राज्य प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज में एकीकरण एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों के परिवारों, बच्चों और रेलवे अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आयोजन की तैयारियों से लेकर व्यवस्थाओं तक की पूरी जिम्मेदारी पहली बार युवा यूनिट लीडरों ने स्वयं संभाली। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र के प्रांगण को रंग-बिरंगी रोशनी और सजावटी सामग्री से आकर्षक रूप दिया। युवाओं की अनुशासन, जिम्मेदारी और टीम भावना ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दुर्गा अष्टमी के अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. आशीष अग्रवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सूबेदारगंज एवं राज्य आयुक्त-कब तथा श्रीमती रचना अग्रवाल, राज्य आयुक्त-बुलबुल ने मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन और आरती के साथ किया। विशिष्ट अतिथि अंकुर चक्रवर्ती, सहायक जिला आयुक्त-स्काउट, प्रयागराज मंडल, सपरिवार उपस्थित रहे। वहीं उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की उपाध्यक्ष श्रीमती आयुषी भटनागर ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

डांडिया नाइट के दौरान आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 3 वर्ष के नन्हे कब-बुलबुल से लेकर अतिथियों तक ने रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने डांडिया की धुन पर एकल और समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों, अभिभावकों, यूनिट लीडरों और अतिथियों ने एक साथ डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया। देर रात तक परिसर संगीत और उल्लास से गूंजता रहा। आयोजन में प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई। अभिभावकों को चना-हलवा और अष्टमी का व्रत रखने वाले सदस्यों को फलाहार वितरित किया गया। पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं भी युवा लीडरों ने आपसी सहयोग से संभालीं।

इस अवसर पर राज्य संगठन आयुक्त-स्काउट रविकांत शर्मा, राज्य संगठन आयुक्त-गाइड मंजू जोशी, सहायक राज्य संगठन आयुक्त-स्काउट पंकज राज कनौजिया, जिला संगठन आयुक्त-गाइड लिपिका गोस्वामी और शिशुपाल यादव सहित अन्य पदाधिकारी सपरिवार शामिल हुए। अधिकारियों ने युवा लीडरों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने और रेलवे कर्मचारियों के बच्चों को संस्था से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की मुख्य संचालक पूजा शर्मा रहीं। व्यवस्थापन की जिम्मेदारी प्रियांशु और आकाश यादव ने संभाली। सजावट, प्रसाद निर्माण एवं वितरण में सारिका सिंह, पूजा रानी, सोनम, ऋतु सिंह, अंकिता शर्मा, शुभम सिंह, ललित सिंह, प्रीत सिंह, अभिषेक सिंह, संस्कार और गौरव का योगदान रहा। वहीं मंच संचालन सोनाली शर्मा और मुस्कान ने किया।

यह आयोजन बच्चों को सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आपसी सहयोग और कार्यक्रम प्रबंधन के गुण सीखने का अवसर भी प्रदान कर गया।