सियालदह स्टेशन पर सात घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक, कई उपनगरीय ट्रेनें रहेंगी रद्द

कोलकाता। सियालदह मंडल द्वारा ट्रैक एवं आधारभूत संरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने के लिए सियालदह स्टेशन पर सात घंटे का प्रमुख ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 30 अगस्त को रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक कुल 420 मिनट रहेगा।

इस दौरान सियालदह स्टेशन की डाउन मेन लाइन पर किलोमीटर 0/19 से 0/20 के बीच प्वाइंट संख्या 208बी/219ए के पूर्ण कन्वर्जन का कार्य किया जाएगा। मौजूदा 52 किलोग्राम डीएसएस को 60 किलोग्राम डीएसएस में परिवर्तित करने के साथ फिटिंग, क्रॉसिंग और ग्लूड जॉइंट को भी बदला जाएगा। सिग्नलिंग व्यवस्था में आवश्यक बदलाव और ट्रैक सर्किट से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य को सप्ताहांत की देर रात और तड़के सुबह के समय निर्धारित किया गया है। कार्य को सुरक्षित और निर्धारित समय में पूरा करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात रहेंगी।

रविवार को कई ट्रेन सेवाएं रहेंगी रद्द

ट्रैफिक ब्लॉक के कारण 30 अगस्त को सीमित संख्या में उपनगरीय ट्रेन सेवाएं रद्द रहेंगी। इनमें?

सियालदह?हाबरा 33651 अप / 33652 डाउन

सियालदह?कल्याणी सीमांत 31313 अप / 31316 डाउन

सियालदह?डानकुनी 32217 अप / 32218 डाउन

सियालदह?रानाघाट 31615 अप / 31620 डाउन

सियालदह?हाबरा 33653 अप / 33654 डाउन

शामिल हैं।

इसके अलावा 53172 डाउन लालगोला?सियालदह ट्रेन को 30 अगस्त को दमदम जंक्शन पर शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा। इसके बाद खाली रेक को उचित व्यवस्था के तहत सियालदह लाया जाएगा।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने बताया कि कार्य को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से पूरा करने के लिए परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग और वाणिज्यिक विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। यात्रियों को ट्रेनों में होने वाले अस्थायी बदलावों की जानकारी देने के लिए स्टेशनों पर लगातार उद्घोषणा और सूचना प्रदर्शन की व्यवस्था की गई है।

रेलवे के अनुसार प्वाइंट कन्वर्जन का यह कार्य ट्रैक को मजबूत करने के साथ परिचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 30 अगस्त को यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की नवीनतम जानकारी अवश्य जांच लें और अस्थायी बदलावों में सहयोग करें।