समदड़ी स्टेशन पर 140 टन की क्रेन से एफओबी गर्डर लॉन्चिंग, निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार

जोधपुर। समदड़ी स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए बनाए जा रहे फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को रेलवे की 140 टन क्षमता वाली बीडी क्रेन की मदद से एफओबी के भारी गर्डरों की लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

गर्डरों को निर्धारित स्थान पर स्थापित किए जाने के साथ ही फुट ओवरब्रिज निर्माण का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। भारी गर्डरों की लॉन्चिंग के दौरान रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य को पूरा किया।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि समदड़ी स्टेशन पर एफओबी का निर्माण यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए कराया जा रहा है। 140 टन क्षमता वाली बीडी क्रेन से गर्डरों को सावधानीपूर्वक उठाकर निर्धारित स्थान पर स्थापित किया गया।

उन्होंने बताया कि जोधपुर मंडल में यात्री सुविधाओं से जुड़े आधारभूत ढांचे के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। एफओबी का निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग मिलेगा। इससे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही भी अधिक व्यवस्थित होगी।

समदड़ी जंक्शन जोधपुर मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल है। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। एफओबी के भारी गर्डरों की लॉन्चिंग पूरी होने के बाद अब निर्माण के अगले चरण को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।