संविधान दिवस पर डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

संविधान दिवस पर डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

प्रयागराज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में हुआ गरिमामय आयोजन, संविधान के आदर्शों और मौलिक कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प

प्रयागराज। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों और मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने तथा मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों की गारंटी देता है। साथ ही देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान निर्माताओं के योगदान और उनके दूरदर्शी विचारों को याद करने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संदेश दिया गया।