श्रमिकों के वोट बढ़ाने के लिए सुबह 6 बजे से विशेष अभियान में जुटीं एसडीएम मोनालिसा जौहरी।

घंटाघर और चांदपुरा में लगाए गए विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर, काम पर जाने से पहले श्रमिकों को वोट बनवाने की सुविधा।

बहराइच। विधानसभा क्षेत्र में श्रमिकों और कामगार वर्ग के अधिक से अधिक पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 27 नवंबर को शहर के घंटाघर और चांदपुरा क्षेत्र में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया।श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसडीएम सदर मोनालिसा जौहरी सुबह छह बजे से ही अभियान की कमान संभाले हुए हैं। उन्होंने स्वयं कैंप स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।काम पर जाने से पहले ही बड़ी संख्या में श्रमिक और स्थानीय नागरिक शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भर रहे हैं। निर्वाचन एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा पात्र आवेदकों के दस्तावेजों की जांच कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।प्रशासन का प्रयास है कि कामकाजी लोगों को मतदाता पंजीकरण के लिए अलग से समय न निकालना पड़े और वे सुबह अपने काम पर जाने से पहले ही इस सुविधा का लाभ उठा सकें।एसडीएम सदर ने पात्र नागरिकों, श्रमिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से अपील की है कि वे विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है।