शिक्षक हितों की हुंकार बुलंद, समस्याओं के समाधान को बनी ठोस कार्ययोजना

सुमित गर्ग संवाददाता,

खेरागढ़। ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल, खेरागढ़ के प्रांगण में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, इकाई खेरागढ़ के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संगठनात्मक एकजुटता और उत्साह के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भगौर ने की। ब्लॉक अध्यक्ष सूरज शर्मा ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को गंभीरता से सुनकर बिंदुवार नोट किया तथा उनके प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए कार्ययोजना तैयार की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक मंत्री रंजीत सिंह चाहर ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के साथ शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं। शिक्षकों के अधिकारों और समस्याओं से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को तथ्यों के साथ उचित मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा। संगठन का उद्देश्य किसी से टकराव नहीं, बल्कि शिक्षकों की जायज समस्याओं का लोकतांत्रिक एवं प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और शिक्षक एक-दूसरे की आवाज बने, यही संगठन की ताकत है और व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक हितों के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

संगठन मंत्री डॉ. सतीश कुमार सिकरवार ने संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि एकजुट शिक्षक ही मजबूत संगठन की पहचान हैं। पद जिम्मेदारी देता है, जबकि संगठन की वास्तविक शक्ति सदस्यों की एकता, विश्वास और सक्रिय सहभागिता से बनती है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भगौर ने भी शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर मजबूती से उठाने का संकल्प दोहराया। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत एवं प्रभावी बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष सूरज शर्मा, ब्लॉक मंत्री रंजीत सिंह चाहर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भगौर, संगठन मंत्री डॉ. सतीश कुमार सिकरवार, मंगल सेन, श्रीनिवास सिंह परमार, दलवीर सिंह, सोनू बघेल, राज कपूर, मुकेश कुमार, नेत्रपाल सिंह, मनमोहन सिंह, अर्चना राजपूत, सोनम चाहर, नजमा, कविता, रितु श्रीवास्तव, हरिओम तोमर, लक्ष्मी नारायण गोयल, स्नेहलता, शिल्पी मित्तल, लेखराज सिंह कुशवाहा, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शिक्षकों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।