विशेष ट्रेनों में बढ़ाए गए अतिरिक्त कोच, यात्रियों को मिलेंगी अधिक बर्थ प्रयागराज-हुब्बल्ली और सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल में एक-एक स्लीपर कोच बढ़ा

प्रयागराज। यात्रियों की बढ़ती मांग और प्रतीक्षासूची को कम करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन ने दो विशेष ट्रेनों की कोच संरचना में स्थायी रूप से बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त कोच जुड़ने से यात्रियों को अधिक बर्थ उपलब्ध होंगी और प्रतीक्षासूची वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04113 प्रयागराज-एसएसएस हुब्बल्ली विशेष ट्रेन में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा गया है। इसके बाद ट्रेन में कोचों की संख्या 22 से बढ़कर 23 हो जाएगी। संशोधित संरचना के तहत ट्रेन में 2 एसएलआर/डी, 8 सामान्य, 10 स्लीपर और 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के कोच होंगे। यह बदलाव 5 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा।

इसी ट्रेन की वापसी सेवा गाड़ी संख्या 04114 एसएसएस हुब्बल्ली-प्रयागराज में भी एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा 8 सितंबर 2026 से लागू होगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 04119 सूबेदारगंज-वलसाड विशेष ट्रेन में भी एक स्लीपर कोच बढ़ाया गया है। अब इस ट्रेन में 19 के स्थान पर 20 कोच होंगे। इसमें 2 एसएलआर/डी, 8 सामान्य, 9 स्लीपर और 1 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का कोच रहेगा। यह व्यवस्था 5 सितंबर 2026 से लागू होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04120 वलसाड-सूबेदारगंज में यह बदलाव 6 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा।

प्रयागराज-विशाखापट्टनम साप्ताहिक स्पेशल के फेरे रद्द

वहीं, परिचालन संबंधी कारणों के चलते गाड़ी संख्या 04159/04160 प्रयागराज-विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन के निर्धारित फेरों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

गाड़ी संख्या 04159 प्रयागराज-विशाखापट्टनम की 4 सितंबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलने वाली सेवाएं रद्द रहेंगी। वहीं गाड़ी संख्या 04160 विशाखापट्टनम-प्रयागराज की 5 सितंबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होने वाली सेवाएं निरस्त रहेंगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अधिकृत रेल माध्यमों एनटीईएस या 139 से अवश्य प्राप्त कर लें।