विशेष चेकिंग अभियान में 80 डेसीबल से तेज आवाज में डीजे बजाते दो वाहन पकड़े, 20 हजार का चालान

कासगंज। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 80 डेसीबल से अधिक आवाज में डीजे बजाने वाले दो वाहनों के चालान किए। दोनों वाहनों पर कुल 20 हजार रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने डीजे संचालकों और वाहन चालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने के निर्देश दिए। चेकिंग में 80 डेसीबल से अधिक आवाज में डीजे बजाते मिले दो संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि तेज आवाज में डीजे बजाने से आम लोगों, मरीजों, छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को परेशानी होती है। अभियान का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करना और न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराना है।

पुलिस ने सभी डीजे संचालकों, वाहन स्वामियों और नागरिकों से अपील की है कि 80 डेसीबल से अधिक आवाज में डीजे न बजाएं और ध्वनि प्रदूषण रोकने में सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।