विकासखंड नदीगांव में छात्र-छात्राओं ने कला के माध्यम से उकेरी 'विकसित भारत 2047' की तस्वीर

विकासखंड नदीगांव में छात्र-छात्राओं ने कला के माध्यम से उकेरी 'विकसित भारत 2047' की तस्वीर

कनासी (नदीगांव): सेवा संकल्प अभियान माह के अंतर्गत आज 24 सितंबर 2026 को ब्लॉक संसाधन केंद्र कनासी में विकासखंड नदीगांव के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा एक भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी 'मेरे सपनों का भारत' एवं 'विकसित भारत 2047' की थीम पर आधारित रही, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता के रंग भरे।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भाजपा मंडल महामंत्री श्री शिवम राजावत द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री शिवम राजावत, खंड शिक्षा अधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार उत्तम, एआरपी श्री गौरव शुक्ला, एआरपी हरिमोहन रजक, शिक्षक श्री राम राजा सिंह जादौन तथा वरिष्ठ शिक्षक श्री हरिशंकर ने बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया। अधिकारियों एवं अतिथियों ने बच्चों के हुनर और सोच की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि 'विकसित भारत 2047' के राष्ट्रीय सपने को साकार करने के लिए छोटे-छोटे स्तर पर प्रयास करना बेहद आवश्यक है।इस चित्रकला प्रदर्शनी में नदीगांव ब्लॉक के समस्त परिषदीय विद्यालयों के अलावा जनता इंटर कॉलेज (अखनीबा), इंटर कॉलेज (कुदारी) और इंटर कॉलेज (इंगुई) के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों में से सर्वश्रेष्ठ 20 पेंटिंग्स का चयन किया गया, जिन्हें अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और अतिथियों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।