विंध्याचल स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे अपर मंडल रेल प्रबंधक

विंध्याचल स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे अपर मंडल रेल प्रबंधक

नवरात्रि मेले में रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

शारदीय नवरात्रि मेला-2026 के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल) कृष्ण कुमार राय भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में टिकट वितरण, पेयजल, साफ-सफाई, यात्री सहायता, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर आवागमन व्यवस्थित रखा जाए और यात्रियों को समय पर आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा के लिए तैनात रेलकर्मियों को सतर्कता एवं तत्परता से कार्य करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान दीपक कुमार ने श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करा रही सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की टीम से मुलाकात की। उन्होंने टीम के सदस्यों से मेले में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में उनके योगदान की सराहना की।

प्रयागराज मंडल द्वारा नवरात्रि मेले के दौरान टिकट व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यात्री सहायता, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण में अपनी रेल यात्रा पूरी कर सकें।