लुधियाना से कोलकाता पहली बार रेल मार्ग से भेजे गए पर्सिमोन फल

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के विशेष प्रयासों से पहली बार पर्सिमोन फलों की रेल मार्ग से ढुलाई की गई।

17 सितंबर को ट्रेन संख्या 12358 दुर्गियाना एक्सप्रेस में लुधियाना रेलवे स्टेशन से पर्सिमोन फलों की आउटवर्ड लोडिंग सफलतापूर्वक की गई। लुधियाना से 107 पैकेटों में कुल 2,930 किलोग्राम पर्सिमोन फल कोलकाता के लिए भेजे गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/माल परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करा रही है। मंडल की ओर से माल यातायात बढ़ाने के साथ पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।