लखनऊ स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण के चलते 15 सितंबर तक बढ़ा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक, कई ट्रेनों के मार्ग बदले

गोरखपुर। लखनऊ स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्य के चलते पूर्वोत्तर रेलवे ने यातायात एवं पावर ब्लॉक की अवधि 15 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है। इसके मद्देनजर यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए कई ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त करते हुए कुछ ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

15107 बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को बनारस से चलकर उतरेटिया स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेगी। यह ट्रेन उतरेटिया से लखनऊ के बीच निरस्त रहेगी। वहीं 15108 लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को लखनऊ के बजाय उतरेटिया से चलाई जाएगी और लखनऊ-उतरेटिया के बीच निरस्त रहेगी।

इन ट्रेनों के मार्ग में किया गया बदलाव

15075 शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस और 15073 सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर के रास्ते चलेंगी। वहीं 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस और 15076 टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया के रास्ते संचालित होंगी।

14523 बरौनी-अंबाला एक्सप्रेस 14 सितंबर को तथा 14524 अंबाला-बरौनी एक्सप्रेस 15 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी।

इसी तरह 15127 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 15119 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर के रास्ते चलेंगी। इनके विपरीत दिशा की 15128 नई दिल्ली-बनारस तथा 15120 देहरादून-बनारस एक्सप्रेस आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया के रास्ते संचालित होंगी।

15636 गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस 14 सितंबर को बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलाई जाएगी।

गोरखपुर से चलने वाली ट्रेनों को भी राहत

ब्लॉक के चलते गोरखपुर से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। 12555 गोरखपुर-बठिंडा एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर के रास्ते चलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन को बादशाहनगर और ऐशबाग स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। बादशाहनगर पर यह ट्रेन 21:10 बजे पहुंचेगी और 21:15 बजे रवाना होगी, जबकि ऐशबाग पर 21:28 बजे पहुंचकर 21:38 बजे रवाना होगी।

19410 गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस 14 सितंबर, 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 15 सितंबर तथा 12595 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर के रास्ते संचालित होंगी। इन ट्रेनों को भी बादशाहनगर और ऐशबाग पर ठहराव दिया गया है।

12595 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस बादशाहनगर पर 01:01 बजे पहुंचकर 01:06 बजे और ऐशबाग पर 01:22 बजे पहुंचकर 01:32 बजे रवाना होगी।

इसके अलावा 12597 गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस 15 सितंबर तथा 15065 गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को इसी परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। दोनों ट्रेनों को बादशाहनगर और ऐशबाग पर ठहराव दिया गया है।

वापसी दिशा में 15066 पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस और 19201 भावनगर-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस 14 सितंबर को कानपुर सेंट्रल-ऐशबाग-मल्हौर-बाराबंकी के रास्ते चलाई जाएंगी। इन दोनों ट्रेनों का ठहराव ऐशबाग और बादशाहनगर स्टेशनों पर रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और मार्ग से संबंधित जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।