रेलवे पेंशनरों के लिए 17 नवंबर को अजमेर रेलवे अस्पताल में लगेगा मेगा कैंप, मौके पर बनेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

रेलवे पेंशनरों के लिए 17 नवंबर को अजमेर रेलवे अस्पताल में लगेगा मेगा कैंप, मौके पर बनेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

रेलवे पेंशनरों के लिए विशेष शिविर आयोजित

अजमेर। रेलवे पेंशनभोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल की ओर से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 17 नवंबर 2026 को रेलवे अस्पताल, अजमेर में मेगा कैंप लगाया जाएगा। इसमें पेंशनभोगियों के स्वास्थ्य की जांच और उपचार के साथ मौके पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।

यह शिविर अजमेर मंडल के लेखा विभाग, कार्मिक विभाग और रेलवे अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। शिविर में रेलवे चिकित्सकों द्वारा पेंशनभोगियों के स्वास्थ्य की विभिन्न जांचें की जाएंगी। साथ ही उन्हें डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी देकर प्रमाण पत्र तैयार करने में सहायता दी जाएगी।

शिविर में आने वाले पेंशनभोगियों को अपने साथ पीपीओ नंबर, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण और मोबाइल फोन लाना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा अजमेर मंडल के विभिन्न स्टेशनों और बैंक शाखाओं में भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को पीएनबी सिनेमा रोड अजमेर और एसबीआई मुख्य शाखा सोजत रोड में शिविर लगेगा। 19 नवंबर को स्टेशन अधीक्षक कार्यालय उदयपुर, 20 नवंबर को एसबीआई नया मार्ग तहसील रोड मावली और स्टेशन अधीक्षक कार्यालय अजमेर में शिविर आयोजित होगा।

इसी तरह 23 नवंबर को यूबीआई श्रीनगर रोड अजमेर और मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय अजमेर, 25 नवंबर को एसबीआई रानी पाली और एसबीआई मुख्य शाखा बस स्टैंड आबूरोड तथा 26 नवंबर को स्टेशन अधीक्षक कार्यालय आबूरोड में शिविर लगाए जाएंगे।

अजमेर मंडल रेल प्रशासन ने सभी रेलवे पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र समय पर जमा कराएं और इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।