रेलवे पेंशनभोगियों के लिए 19 नवंबर को मेगा कैंप, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की मिलेगी सुविधा

दिल्ली। रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे की ओर से विशेष पहल की जा रही है। राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत 19 नवंबर 2026 को मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप सुबह 11:00 बजे रेलवे ऑफिसर्स क्लब, पीके रोड, रेलवे कॉलोनी, नई दिल्ली में लगाया जाएगा।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार इस कैंप का उद्देश्य रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में सहायता देना है। इसके माध्यम से उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने, पहचान सत्यापन और पेंशन से संबंधित जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

कैंप में शामिल होने वाले पेंशनभोगियों को अपना आधार कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन वितरण बैंक खाते का विवरण और पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) की प्रति साथ लानी होगी। इसके अलावा बैंक पासबुक की प्रति या रद्द चेक भी साथ रखना आवश्यक है।

उत्तर रेलवे ने सभी पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों से मेगा कैंप में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण और उन्हें डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।