रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ की ईमानदारी, यात्री का खोया बैग और पर्स सुरक्षित लौटाया

रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ की ईमानदारी, यात्री का खोया बैग और पर्स सुरक्षित लौटाया

टिकट निरीक्षक ने लौटाया यात्री का खोया सामान

फिरोजपुर। रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए यात्री का खोया हुआ बैग और पर्स सुरक्षित बरामद कर वापस लौटा दिया। अपना कीमती सामान वापस मिलने पर यात्री ने रेलवे कर्मचारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

घटना 25 अक्टूबर 2026 को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की है। यात्री राज कमल कुशवाहा को ट्रेन संख्या 14680 अमृतसर-दिल्ली एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी। इसी दौरान उनका बैग और पर्स खो गया। सामान में कीमती वस्तुएं होने के कारण यात्री काफी परेशान हो गए। उन्होंने मुख्य टिकट निरीक्षक हेमंत शर्मा से संपर्क कर अपनी समस्या बताई।

मामले की जानकारी मिलते ही हेमंत शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए यात्री की सहायता की और खोए हुए सामान का पता लगाने में सहयोग किया। उनके प्रयासों से बैग और पर्स सुरक्षित बरामद कर यात्री को वापस सौंप दिए गए। अपना सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने मुख्य टिकट निरीक्षक का धन्यवाद किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने टिकट चेकिंग स्टाफ के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्रियों के प्रति सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।

रेलवे कर्मचारियों की ऐसी तत्परता यात्रियों के बीच विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ रेलवे की सेवा भावना को भी दर्शाती है।