रेलवे की व्यापारियों को बड़ी राहत, वापसी के पार्सल भाड़े में मिलेगी 50 प्रतिशत छूट

जम्मू। उत्तर रेलवे ने पार्सल और माल परिवहन को किफायती बनाने के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड के नए निर्देशों के तहत जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस (जेपीपी-आरसीएस) ट्रेनों में दोनों तरफ की अग्रिम बुकिंग कराने पर विशेष रियायत दी जाएगी। इसके तहत वापसी की यात्रा के लिए सामान्य भाड़े पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

रेलवे की यह योजना देशभर के सभी जेपीपी-आरसीएस मार्गों पर एक वर्ष के लिए प्रायोगिक आधार पर तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। दोनों दिशाओं में पार्सल कोच की बुकिंग कराने वाले व्यापारियों को कुल मिलाकर सामान्य एकतरफा भाड़े का 1.5 गुना भुगतान करना होगा। बुकिंग और भुगतान की प्रक्रिया मूल स्टेशन पर ही पूरी की जा सकेगी, जिससे समय की बचत होगी।

इस सुविधा से कश्मीर घाटी के सेब उत्पादकों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। सेब और अन्य फल-सब्जियों को जम्मू, दिल्ली, मुंबई सहित देश के बड़े बाजारों तक कम लागत में पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे परिवहन खर्च घटने के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि वापसी यात्रा में 50 प्रतिशत की छूट से व्यापारियों की परिवहन लागत कम होगी। उन्होंने व्यापारियों, उद्योग संघों और माल परिवहन से जुड़े लोगों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।