रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी से यात्री को वापस मिला खोया हुआ सोने का आभूषण

प्रयागराज। भारतीय रेल के कर्मचारियों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए एक महिला यात्री का खोया हुआ सोने का कान का आभूषण सुरक्षित वापस दिलाया। रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से महिला यात्री को राहत मिली।

जानकारी के अनुसार,वंदना सिंह 13 नवंबर को विशाल सिंह के साथ वाराणसी से कानपुर की यात्रा कर रही थीं। दोनों गाड़ी संख्या 22415 सुबह बनारस-दिल्ली एक्सप्रेस के कोच E2 में सीट संख्या 35 और 36 पर सफर कर रहे थे। इसी दौरान वंदना सिंह का सोने का कान का आभूषण कहीं खो गया।

इसी बीच प्रयागराज से कानपुर की यात्रा कर रहे अनुज राजपूत को यह आभूषण मिला। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए तत्काल रेलवे के उप मुख्य टिकट निरीक्षक (डिप्टी सीआईटी) मनोज सिंह को आभूषण सौंप दिया।

इसके बाद रेलवे चेकिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक उद्घोषणा और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। जांच के बाद सोने का आभूषण उसकी वास्तविक स्वामिनी वंदना सिंह को सुरक्षित लौटा दिया गया।

रेलवे के उप मुख्य टिकट निरीक्षक मनोज सिंह और चेकिंग स्टाफ की सतर्कता, ईमानदारी एवं यात्री सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि रेलवे कर्मचारी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ उनकी अमानत की जिम्मेदारी निभाने के लिए भी तत्पर हैं।