रेल मदद की सूचना पर दौड़ा रेलवे का अमला, प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को समय पर मिली चिकित्सा सहायता

रेल मदद की सूचना पर दौड़ा रेलवे का अमला, प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को समय पर मिली चिकित्सा सहायता

नॉन-स्टॉप अमृत भारत एक्सप्रेस को मिर्जापुर में रोककर कराई गई प्राथमिक जांच, एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया

प्रयागराज। रेल यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा और रक्तस्राव से जूझ रही महिला यात्री के लिए रेलवे की त्वरित कार्रवाई मददगार साबित हुई। ?रेल मदद? के माध्यम से सूचना मिलते ही प्रयागराज मंडल ने तत्काल कदम उठाते हुए नॉन-स्टॉप ट्रेन को मिर्जापुर स्टेशन पर रोकने की व्यवस्था की और महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।

जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को गाड़ी संख्या 22362 नई दिल्ली?राजेंद्र नगर टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। महिला को प्रसव पीड़ा के साथ रक्तस्राव हो रहा था और तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत थी। उस समय ट्रेन ऊंचडीह स्टेशन से आगे निकल चुकी थी।

सूचना मिलते ही प्रयागराज मंडल रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन, जो मिर्जापुर में निर्धारित ठहराव वाली ट्रेन नहीं थी, उसे मिर्जापुर स्टेशन पर रोकने की व्यवस्था की गई। साथ ही स्टेशन पर रेलवे की मेडिकल टीम को तत्काल तैयार रखा गया।

डॉक्टरों ने की प्राथमिक जांच

ट्रेन के मिर्जापुर पहुंचते ही डॉ. वी.के. सिंह और स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला यात्री की प्राथमिक जांच की तथा उसकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए रेलवे की एंबुलेंस से महिला को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।

रेलवे कर्मचारियों ने महिला यात्री और उसके साथ मौजूद परिजनों की पूरी संवेदनशीलता के साथ सहायता की। समय पर मिली सूचना और रेलवे की त्वरित कार्रवाई के चलते महिला को आवश्यक उपचार के लिए सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका।

ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत त्वरित सहायता

प्रयागराज मंडल द्वारा ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत महिला यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक आवश्यकता होने पर सूचना मिलते ही तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए रेलकर्मी पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।