रेल पेंशनभोगियों के लिए रेलवे लगाएगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर, 2 से 5 नवंबर तक होंगे आयोजन

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 के तहत विभिन्न स्टेशनों और रेलवे कार्यालयों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पेंशनभोगियों को ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी।

रेलवे के अनुसार 2 नवंबर को मंडल चिकित्सालय, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय और लोको शेड इज्जतनगर के साथ बरेली सिटी स्टेशन पर शिविर लगेगा। 3 नवंबर को पीलीभीत, लालकुआं और कासगंज में, 4 नवंबर को टनकपुर, पूरनपुर, काशीपुर और कन्नौज में तथा 5 नवंबर को मथुरा कैंट, काठगोदाम, फर्रुखाबाद और बदायूं स्टेशन पर शिविर आयोजित होंगे।

इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को घर बैठे डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा के प्रति जागरूक करना और अनावश्यक भागदौड़ से राहत दिलाना है। रेलवे प्रशासन ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।