रानीपुर में तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, पांच घायल

रानीपुर में तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, पांच घायल

 

डीजे लदा पिकअप ई-रिक्शा को टक्कर मारकर पलटा, चालक वाहन लेकर फरार; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी

 

बहराइच। रानीपुर थाना क्षेत्र में करनैलगंज-बहराइच मार्ग (एसएच-155) पर तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घटना थाना रानीपुर से करीब 200 मीटर दूर शाम चार से साढ़े चार बजे के बीच हुई।

 

जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा भग्गड़वा से बहराइच की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने की दिशा में डीजे लादकर आ रहे पिकअप के अगले हिस्से ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में नहाल पुत्र गंगा, हुमा पत्नी कलीम समेत पांच लोग घायल हुए, जिनमें तीन अन्य लोग अज्ञात बताए जा रहे हैं।

 

बताया गया कि पिकअप पर डीजे लदा था और उसमें चार लोग सवार थे। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

संवाददाता फिरोज अहमद