रांची में अनोखी चोरी… सोना-चांदी नहीं, 20 लाख की सिगरेट ले उड़े चोर; CCTV में कैद वारदात

झारखंड की राजधानी रांची में चोरों ने इस बार ऐसी चोरी को अंजाम दिया है, जिसने व्यापारियों के साथ-साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया. कोतवाली थाना क्षेत्र के रेडियम रोड स्थित एक मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में संचालित सिगरेट एजेंसी से चोर करीब 20 लाख रुपये की सिगरेट चोरी कर ले गए. चोरों ने एजेंसी के काउंटर से कुछ नकदी पर भी हाथ साफ किया है. चोरी की पूरी वारदात एजेंसी के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है.

जानकारी के मुताबिक वारदात को दो नकाबपोश चोरों ने अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है. CCTV फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. चोरो नेदरवाजे पर लगे ताले तोड़े और एजेंसी के अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद उन्होंने कार्टून में रखे सिगरेट के स्टॉक को निशाना बनाया. चोर बड़ी मात्रा में सिगरेट के कार्टून लेकर फरार हो गए.

साइड के दरवाजे से एजेंसी में घुसे चोर

एजेंसी के मालिक विनायक ने बताया कि उनकी एजेंसी जिस मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में संचालित है, वह कमर्शियल के साथ-साथ रिहायशी इमारत भी है. देर रात चोरों ने एजेंसी में दाखिल होने के लिए साइड के दरवाजे का इस्तेमाल किया. आरोपियों ने दरवाजे पर लगे ताले तोड़े और एजेंसी के अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद उन्होंने कार्टून में रखे सिगरेट के स्टॉक को निशाना बनाया. चोर बड़ी मात्रा में सिगरेट के कार्टून लेकर फरार हो गए. एजेंसी के काउंटर से नकदी चोरी किए जाने की भी बात सामने आई है. एजेंसी मालिक के मुताबिक फिलहाल करीब 20 लाख रुपये की सिगरेट चोरी होने का अनुमान है. हालांकि, वास्तविक नुकसान कितना हुआ है, इसका पता पूरा स्टॉक मिलाने के बाद ही चल सकेगा.

फोरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके साथ ही एजेंसी के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस के मुताबिक फुटेज में दो नकाबपोश संदिग्ध नजर आ रहे हैं. उनकी पहचान और चोरी में इस्तेमाल किए गए तरीके की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

चोरी से सुरक्षा पर सवाल

रेडियम रोड रांची का प्रमुख कारोबारी इलाका है और यहां दिन-रात लोगों की आवाजाही रहती है. ऐसे क्षेत्र में एक एजेंसी के अंदर घुसकर लाखों रुपये की सिगरेट और नकदी चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है. वहीं, एजेंसी में स्टॉक का मिलान किए जाने के बाद चोरी की वास्तविक रकम सामने आने की उम्मीद है.