मेरठ से खुर्जा और सहारनपुर के लिए दो नई मेमू ट्रेनें चलेंगी

यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भारतीय रेल ने मेरठ सिटी को खुर्जा और सहारनपुर से जोड़ने वाली दो नई मेमू सेवाओं के संचालन को मंजूरी दे दी है। इन दोनों ट्रेनों का ठहराव मार्ग में आने वाले सभी स्टेशनों पर होगा, जिससे छोटे शहरों और कस्बों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

खुर्जा?मेरठ सिटी मेमू ट्रेन संख्या 64573 खुर्जा से दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर शाम 5:20 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। यह ट्रेन करीब 4 घंटे 5 मिनट में अपनी यात्रा पूरी करेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 64574 मेरठ सिटी से सुबह 11:25 बजे रवाना होकर शाम 4:00 बजे खुर्जा पहुंचेगी। वापसी यात्रा का समय करीब 4 घंटे 35 मिनट रहेगा।

इसी तरह सहारनपुर?मेरठ सिटी मेमू ट्रेन संख्या 64580 सहारनपुर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर सुबह 8:10 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। यह यात्रा 2 घंटे 20 मिनट में पूरी होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 64579 मेरठ सिटी से शाम 5:45 बजे रवाना होकर रात 8:40 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। वापसी में यात्रा का समय करीब 2 घंटे 55 मिनट रहेगा।

दोनों मेमू सेवाओं को मार्ग के सभी स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया जाएगा। इससे मेरठ, खुर्जा, सहारनपुर और मार्ग में पड़ने वाले अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा। नई सेवाओं से मेरठ सिटी को केंद्र में रखते हुए क्षेत्रीय रेल संपर्क और मजबूत होगा तथा यात्रियों के पास आवागमन के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।