मुंबई से छपरा और शालीमार के लिए चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

त्योहारों और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई से छपरा और शालीमार के बीच अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के चलने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 01127 एलटीटी मुंबई-छपरा स्पेशल 20 नवंबर 2026 को रात 23:15 बजे मुंबई से रवाना होगी और 22 नवंबर को शाम 16:20 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01128 छपरा-एलटीटी मुंबई स्पेशल 23 नवंबर को शाम 19:30 बजे छपरा से रवाना होकर 25 नवंबर को दोपहर 14:55 बजे एलटीटी मुंबई पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा, मनकापुर, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर, देवरिया सदर और सिवान स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें शयनयान श्रेणी के 11, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 8 और गार्ड ब्रेक वैन के 2 कोच लगाए जाएंगे।

वहीं ट्रेन संख्या 08059 एलटीटी मुंबई-शालीमार स्पेशल 21 नवंबर 2026 को सुबह 11:10 बजे मुंबई से रवाना होकर 22 नवंबर को रात 21:00 बजे शालीमार पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, मलकापुर, अकोला, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर और संतरागाछी स्टेशनों पर होगा।

इस ट्रेन में द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 2, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 7, शयनयान श्रेणी के 7 और सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 कोच सहित जनरेटर वैन और गार्ड ब्रेक वैन लगाए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 01127 के लिए आरक्षण शुरू हो चुका है, जबकि ट्रेन संख्या 08059 के लिए 20 नवंबर से सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर आरक्षण शुरू होगा। अनारक्षित टिकट यूटीएस प्रणाली से भी बुक किए जा सकेंगे। यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से भी टिकट प्राप्त कर सकते हैं। ट्रेनों की विस्तृत समय-सारणी के लिए रेलवे की वेबसाइट या एनटीईएस ऐप पर जानकारी ली जा सकती है।