मिक्स हॉट मशीन की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

पीलीभीत। थाना माधौटांडा क्षेत्र के कलीनगर वार्ड नंबर-2 में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पर डामर बिछाने के लिए इस्तेमाल की जा रही मिक्स हॉट मशीन की चपेट में आने से सावित्री देवी (पत्नी इतवारी लाल) की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी कलीनगर के वार्ड नंबर-2 की निवासी थीं। उनके परिवार में एक बेटा अमित और चार बेटियां हैं। हादसे में परिवार की महिला सदस्य को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कलीनगर चौकी प्रभारी मो. सैफ ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आ सकेगी।