मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए राहत की खबर: पारंपरिक मार्ग से यात्रा सुचारू, श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए राहत की खबर: पारंपरिक मार्ग से यात्रा सुचारू, श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

बारिश के चलते हिमकोटी क्षेत्र में बैटरी कार मार्ग का हिस्सा धंसा, सेवा अस्थायी रूप से बंद; मरम्मत का काम तेजी से जारी

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। लगातार बारिश के कारण हिमकोटी क्षेत्र में ठंडा नाला के पास बैटरी कार मार्ग का एक हिस्सा धंसने के बाद बैटरी कार सेवा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। मां वैष्णो देवी की यात्रा पारंपरिक मार्ग से लगातार सुचारू रूप से जारी है।

मार्ग की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तत्काल आवश्यक कदम उठाए हैं। श्राइन बोर्ड के संबंधित विभागों के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर रहे हैं और मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।

श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक मार्ग खुला

बैटरी कार मार्ग पर आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है, लेकिन श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से मां के भवन की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। घोड़ा-पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाओं का भी श्रद्धालु लाभ ले रहे हैं।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

मौसम ने रोकी हेलीकॉप्टर सेवा, रोपवे रहा चालू

मंगलवार को दिन के अधिकांश समय मौसम सामान्य रहने से श्रद्धालुओं को दोपहर तक हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ मिलता रहा। हालांकि, दोपहर बाद त्रिकूट पर्वत और आसपास के क्षेत्र में बादल छाने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा को एहतियातन स्थगित करना पड़ा।

वहीं, भैरव घाटी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोपवे सेवा दिनभर उपलब्ध रही, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिली।

13 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना

मंगलवार शाम चार बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। कटड़ा में भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था अटूट है। बैटरी कार मार्ग पर सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रोक के बावजूद पारंपरिक मार्ग से माता के दरबार की यात्रा जारी है और प्रशासन की सतर्कता के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।