मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू, बदलते मौसम के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर

मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू, बदलते मौसम के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर

श्राइन बोर्ड की व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को मिल रही बेहतर सुविधाएं, आपदा प्रबंधन दल और सुरक्षा बल लगातार कर रहे यात्रा मार्गों की निगरानी

कटड़ा। मौसम के बदलते मिजाज के बीच विश्व प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सुचारू रूप से जारी है। रविवार को देश के विभिन्न हिस्सों से कटड़ा पहुंचे श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ परिवार और मित्रों संग भवन की ओर रवाना होते नजर आए। मौसम में उतार-चढ़ाव के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी।

श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर सुविधाओं के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए संबंधित टीमें लगातार सक्रिय हैं।

बारिश के बाद भी आस्था नहीं थमी

शनिवार रात भवन की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए तेज बारिश का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर बनाए गए आश्रय स्थलों में रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार किया। बारिश थमते ही श्रद्धालुओं ने फिर से माता के भवन की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी। ठंडी हवाओं के बीच भी श्रद्धालु पूरे जोश और आस्था के साथ आगे बढ़ते रहे।

मौसम साफ होते ही मिली हेलीकॉप्टर सेवा

रविवार सुबह मौसम में सुधार होने पर कुछ समय के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी संचालित हुई। हालांकि बाद में त्रिकूट पर्वत पर बादलों का जमावड़ा बढ़ने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर हेलीकॉप्टर सेवा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सुरक्षा और सुविधा पर विशेष नजर

बदलते मौसम को देखते हुए मां वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्गों पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति के अनुरूप दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

श्रद्धालु भी प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बरसाती और हल्के गर्म कपड़ों के साथ यात्रा कर रहे हैं। यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में माता के भवन की ओर बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

दोपहर तक 11 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

रविवार को कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला लगातार जारी रहा। दोपहर तीन बजे तक करीब 11 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भी कटड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी रहा।

फिलहाल मां वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्ग खुले हैं और यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। बदलते मौसम के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। प्रशासन और श्राइन बोर्ड की सक्रिय व्यवस्थाओं से यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाए रखने का प्रयास लगातार जारी है।