मां के लिए खरीदा कूलर ट्रेन में छूटा, जीआरपी ने तलाश कर महिला को लौटाया

कासगंज। मां के लिए उपहार के तौर पर खरीदा गया छोटा कूलर अधिक सामान होने के कारण ट्रेन में छूट गया। महिला यात्री ने कासगंज रेलवे स्टेशन पर जीआरपी से मदद मांगी। जीआरपी टीम ने तत्काल ट्रेन और प्लेटफार्म पर तलाश शुरू कर कूलर बरामद कर महिला को सौंप दिया। कूलर वापस मिलने पर महिला ने जीआरपी की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

महिला यात्री शिवी पत्नी बुद्धि सागर निवासी जमालपुर थाना घोषी जनपद मऊ ट्रेन संख्या 55328 से बरेली से सोरों की यात्रा कर रही थीं। उन्होंने अपनी मां योगमाया निवासी रामसिंहपुरा थाना सोरों के लिए उपहार स्वरूप केल्विनेटर कंपनी का छोटा कूलर खरीदा था। महिला के पति की एयरफोर्स में नौकरी लगने के मौके पर वह कूलर अपनी मां को उपहार में देना चाहती थीं।

यात्रा के दौरान अधिक सामान होने के कारण कूलर ट्रेन में ही छूट गया। कासगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर महिला ने जीआरपी को इसकी जानकारी दी और कूलर तलाश कर वापस दिलाने का अनुरोध किया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के निर्देश पर ट्रेन स्कोर्ट और प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कूलर की तलाश शुरू की। कुछ ही समय में कूलर बरामद कर लिया गया।

आवश्यक कार्रवाई के बाद कूलर महिला यात्री को सौंप दिया गया। सामान वापस मिलने पर महिला ने जीआरपी कासगंज की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों की सराहना की। कूलर बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक मो. नाजिर, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह और महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहीं।